शनिवार, 20 अक्टूबर 2018

अधूरे ख्वाब

*अधूरे ख़्वाब*

माङसा ड्यूटी केथ हैं हेणा? तणखा कितरी हैं? स्कूल जाता तो कोह देखिजता? भाग-भला अजै थो ड्यूटी माथै कोह चढया....अपने यार-दोस्त एवं रिश्तेदारो की तरफ से किए जाने वाले असंख्यक सवाल अब उसे काँटे की तरह चुभ रहे थे। वह हमेशा की तरह चुपचाप खङा कभी चेहरे को भावहीन कर लेता तो कभी हल्का सा मुस्कुरा देता जो काफी था उन लोगों के "सन्देह" के लिए......

जब पूनमे ने अपने जीसा को भर्ती प्रक्रिया मे आ रही अङचनो को आज फिर समझाने की कोशिश की तो वो भी चार-पाँच महिनो से रटी-रटाई बातो से परेशान होकर बोले....नौकर हो तो हो न्ही जाओ खड मी, म्याला गोडा पा थाका...हूँ जाऊं जुगतंइग री ढाणी, दशरावै रो बकरियों कियो हैं,सांगो री निगया राखै।

गाँव मे अक्सर वो बङे-बूढे के पूछने पर भर्ती कोर्ट मे होने का हवाला भी देता लेकिन कोर्ट का नाम लेते ही उनके मन मे लव-मेरिज की फीलिंग आ जाती थी।

इस रीट की भर्ती मे पूनमा अब पूरी तरह से परेशान हो चुका था,रीट से संबधित तमाम शब्द अब उसके जीवन के सबसे घिनोने,डरावने एवं खतरनाक शब्दो मे शामिल हो गये। उसे हर किसी से कुछ सुनना पङता था बस एक उसकी भाभू (मां) थी जो अनपढ़ होने के बावजूद भी उसे समझ रही थी,सांत्वना भी दे रही थी कि वो सही भले ही हो न हो पर गलत हरगिज़ नही.......

तीन वर्ष पूर्व जब पूनमे ने अपने पङोसी गाँव मूलाना से बारहवी पास की तो उसने भी मास्टर बनने का एक सतरंगी सपना संजोया था। लक्ष्य गाईड को गर्मियों की छुट्टियों मे उलट-पुलट करके वो बीएसटीसी मे पास हो गया लेकिन आप अच्छी तरह से जानते होंगे कि राजस्थान मे बीएसटीसी बीएड की नही जाती,हो जाती हैं। इसी सिस्टम से लाभान्वित होकर पूनमे ने भी जैसलमेर बैठे बैठे हनुमानगढ से बीएसटीसी भी कर ली।

12 अक्टूबर 2017 को जब माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा रीट की विज्ञप्ति जारी की गई तो पूनमा भी अपने बोरिये-बिस्तर समेटकर अपनी ढाणी से जयपुर के लिए निकल पङा....एवं शामिल हो गया इमली फाटक के उस काम्पीटिशन समाज मे जिसके बारे मे एक लेखक ने लिखा हैं कि..ऐसा स्थान जहाँ कईयो के सपने पूरे हुए तो कईयो की उम्र...कोई पटवारी ग्रामसेवक मास्टर आरएएस आईएएस होकर गाँव लौटे तो कोई बूढ़े होकर....

निश्चित रूप से इतना तो मैं भी दावे के साथ कह सकता हूँ कि यदि इमली फाटक पर पत्थर भी फेंका जाएँ तो वो किसी बाङमेरी-जैसलमेरी युवा के लगेगा ।

जयपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचते ही  पूनमे के कुछ साथी लेने पहुँचे जो   बरसों से बाङमेर-जैसलमेर छोङ आरएएस बनने के लिए राजधानी मे जमात जमाए बैठे हैं....गलमिलन के पश्चात पूनमा टैक्सी के लिए इधर-उधर आँखे फाङ रहा था तभी उनमे से एक नोजवान ने अपने जयपुरिया रौब दिखाते हुए बङा स्क्रीन टच फोन निकालकर OLA जुगनू को बुक कराने की बात कही लेकिन ठेठ रेगिस्तानी पूनमे के लिए OLA जुगनू की बात किसी आश्चर्य से कम नही थी। सभी के पास बङी स्क्रीन वाले फोन को देखकर उसने अपना रबङ से कसकर बंधा 2700 फोन जेब मे डालकर छुपाने की असफल कोशिश की..।

इमली फाटक पर दो दिन तक जान-पहचान के लोगो से मिलने मिलाने की रस्म अदायगी के बाद पूनमे के लिए कोचिंग जुगाड की बात चली एवं सलाह मशविरा हुआ।

उस दरम्यान जयपुर रीट के बैनर-होर्डिग से रंग चुका था..रीट अभ्यर्थियों की पहली पसंद अधिगम कोचिंग थी। वहाँ पहुँचकर पूनमे ने सुधीर सर से काफी माथा-पच्ची करके फीस 12 हजार से 7 हजार करवा दी..फीस कम करवाने के तौर-तरीके कोई बाङमेर जैसलमेर के अभ्यर्थियों से सीखें। फीस कम करने को लेकर उनके बीच हो रही  जद्दोजहद दैनिक जीवन मे मारवाङ मे सब्जी ठेले पर होने वाली माथा-पच्ची से कम नही थी।

उस कोचिंग मे टीचिंग मैथड करवाने वाले सर फेंकने मे मोदीजी से कम नही थे..। उनके लहजे व लफ्जों से प्रभावित होकर विद्यार्थी हटा सावन की घटा उनका भक्त बन जाता था।संयोग से पूनमे की कोचिंग के प्रथम दिवस उन्ही सर की पहली क्लास लगी..पूनमा उनकी शायरी व शब्दो से मद-मस्त हो गया। उसे लगा वो जैसे वो मोदी जी की चुनाव सभा मे बैठा भाषण सुन रहा हैं। उनकी घंटो घंटो लंबी कक्षाए उसे बिल्कुल बोरिंग नही लगती लेकिन साइंस-मैथ्स की क्लास मे वह जैसलमेर के सम के धोरो मे विचरण करता अपने ननिहाल कोटङा-कपूरङी तक घूम कर आ जाता था। परावर्तन-अपवर्तन की घटनाएँ तो कभी उसके लपेटे मे नही आई...। राजस्थान इतिहास कला संस्कृति की बात पर वह तैश मे आ जाता लेकिन दुर्भाग्य से सिर्फ दो टापिक ही सलेबस मे.....

सेठी हास्पीटल के सामने वाली गली मे स्थित सनराइज लाइब्रेरी मे सीटे खाली नहीं होने पर सामने कोने मे स्थित साकार लाइब्रेरी मे पूनमा ने हाफ-टाईम लाइब्रेरी के लिए सीट बुक कराई। कहते है कि जगहा छुट्या लखण कोह छूटे..अल्लङ स्वभाव का धनी पूनमा हाफ-टाईम सीट होने के बावजूद देर रात तक जमा रहता। संचालक जिसे सभी मारवाङी गुरू कहते थे एवं उनकी मैम पूनमे को बार बार टोकते लेकिन वो थली मे चार-पाँच लाईन बोलकर कन्नी काट लेता। उसकी खुराफती से तंग आकर उन्हौने भी ज्यादा कहने मे भलाई नही समझी।

अब मास्टर बनने के लिए पूनमे ने सुबह से शाम किताबों मे गुज़ारना शुरू कर दिया..।

इमली फाटक वाया महेशनगर होते हुए 29 नंबर टैक्सी के पीछे लटक कर कोचिंग जाते वक्त उसके मन की बेवफाई प्रकट हुई।अक्सर गुजर की थङी से गोपालपुरा की ओर गुजरती गाङियो की रेलमपेल के शोर-शराबे के बीच पूनमा इश्क के अधूरे ख्वाबों को पूर्ण करने के अवसर तलाशता लेकिन दूसरे ही क्षण ढाणी मे गुडाल के ओहटे मे जीसा द्वारा दी भलावण इश्क के विपरीत प्रतिक्रिया देकर मन पर लगाम कसती.......

उधर कङाके की ठंड के बीच जनवरी महिना भी आधा बीत चुका था। रीट एक्जाम को अब पूरे बीस दिन भी नही बचे थे। लम्बे-चौङे सलेबस को कवर करने के लिए पूनमा अब रात को रूम पर जाने के बजाय लाइब्रेरी मे कुर्सी पर ही पङा रहता।

ढाणी से जब भी भाभू (माँ) का फोन आता तो शरीर का ध्यान रखने की हिदायत दी जाती।

इसी बीच एक्जाम के ऐनवक्त पर पूनमा डेंगू की चपेट मे आ गया लेकिन समय रहते बंसल हास्पीटल के डाक्टर गुप्ता जी के 3000 का मायरा भरकर ठीक हो गया।शरीर की विभिन्न जांचे करवाने के लिए हीरा के संग बंसल हास्पीटल जाते वक्त वो वाटसन मैक्डूगल स्कीनर एवं पावलव के सिद्धान्तो को दोहराते रहते।

आखिर वो दिन भी आ गया जिसका पूनमा जैसे लाखो अभ्यर्थियों को इन्तजार था। पूनमा ने अच्छे पेपर की कामना के साथ अपनी कुलदेवी,भोमिये भोपाल एवं जूझार जी बापजी को  अपनी क्षमतानुसार प्रसादी बोली,  जैसा वो बचपन से परीक्षा से पहले देवी-देवताओं को याद करता आया है ।बाङमेर की एमबीसी गर्ल्स कॉलेज में पूनमा का परीक्षा केन्द्र था। परीक्षा केन्द्र पर प्रवेश करते ही ह्रदय की बढती धङकन ने ह्रदय स्पंदन दर पर प्रश्नवाचक खङा कर दिया। पेपर देखते ही पूनमा का दिमाग सुन्न हो गया...वह धम्म से हाथ टेबल पर रखकर बैठ गया। एक पल उसके आस-पास की दुनिया भी उसे आभासी नजर आने लगी। साइकोलोजी और मैथ्स के पार्टस को देखकर उसकी आँखो के आगे धुधंली काली चादर गहरा गई थी मानो साक्षात काल उपस्थित है। लेकिन दूसरे ही पल उसने अपने आप को संभालकर पेपर करना शुरू किया।

परीक्षा केन्द्र से बाहर निकलते वक्त पेपर की क्लिष्टता को मध्य नजर रखते हुए पूनमा द्वारा पूर्व मे बोली गई कुलदेवी,भोमिये भोपाल एवं जूझार जी की प्रसादी की मात्रा को बढाकर दुगुना कर दिया गया। घबराये हुए पूनमे को सुकून तो तब मिला जब उसका लंगोटिया यार भी परीक्षा केन्द्र के बाहर मुँह लटकाये खङा था। देर रात तक कोचिंग क्लासो से एवं अन्य अभ्यर्थियों के रूझान जिस तरीके से आने लगे उससे स्पष्ट हो गया कि पेपर सबके लिए कलिष्ट था। बोर्ड द्वारा जब अपनी उतर-कुंजी जारी की गई तो जयपुर की कोचिंग संस्थाओं के बङे-बङे विशेषज्ञ साइकोलोजी मे फ़ेल हो गये...पूनमा द्वारा मिलान करने पर उसे तसल्ली हुई कि मास्टर बनने का सपना टूटा तो नही, कायम है।

जब निदेशालय ने कट-आफ जारी की तो पूनमा का सलेक्शन हो चुका था। मास्टर बनने की खुशी मे पूनमा ने आव देखा न ताव गाँव-गली मे मिठाईयाँ बाँट दी। जश्न मनाया गया। अब पूनमा के भी अच्छे दिन आए..रिश्तो के लिए न केवल फोन आने लगे बल्कि कल तक जो रिश्तेदार सगाई-सम्बंध की तो छोङो हाल-चाल तक नही पूछते वे आज घर पर आकर धरना देने लग गए...गाङी टीका प्लाट न जाने कितने अचूक वार किए गये भंवरजाल मे फसाने के लिए....

इधर इस भर्ती ने भी असफल अभ्यर्थियों के सहयोग से अपना एक प्रोसेस पूर्ण करने के लिए जयपुर हाईकोर्ट की ओर रुख किया....जैसा कि राजस्थान सरकार की प्रत्येक भर्ती मे होता हैं। कोर्ट मे माननीय जज साहब सिराधना जी की पीठ मे पक्ष-विपक्ष के वकीलों द्वारा लंबी लंबी दलीलें दी गई,तारिख पर तारिख का खेल चला, एक आध बार पूनमा भी कोर्ट रूम मे सुनवाई के दरम्यान उपस्थित हुआ पर कानूनी भाषा और ऊपर से वो भी अंग्रेजी मे..मि.लार्ड के अतिरिक्त अन्य कुछ भी उसके पल्ले नही पङा।

इधर जैसलमेर के ही एक डाकू ( रीट का ) जो भर्ती कोर्ट मे ले जाने वालो का मुख्य सरगना था, निरन्तर ओडियो जारी करके उसके पक्ष मे जजमेट आने पर नियुक्ति के स्थान पर नुगती ( मिठाई ) खिलाने का भङकाऊ ओडियो डालकर पूनमा सहित पूरे राजस्थान के अभ्यर्थियों को चैन की नींद सोने नही देता। तंग हार कर जब रीट अभ्यर्थियों द्वारा बीकानेर शिक्षा निदेशालय के सामने अनिश्चित कालीन धरना  दिया गया तो पूनमा भी एक दिन गया लेकिन पूरी रात डिवाइडर पर बीकानेर मच्छरो से लङता रहा ।सवेरे रण छोङ जोधपुर के लिए कालका एक्सप्रेस पकङी। पाँच महीनो तक तारिख पे तारिख चलने का खेल समाप्त होकर अक्टूबर मे जजमेन्ट आया भी लेकिन तब तक आचार संहिता लग चुकी थी। अब नियुक्ति की फाईल जयपुर-दिल्ली के बीच सफर कर रही हैं एवं उसके दीवाने उसके पीछे भाग रहे हैं।

आज सवेरे हीरा का लंबे समय बाद फोन आया...उसका मोटिवेशन शायराना अंदाज उसे अजीब सा लग रहा था। जब कुछ महसूस ही न हो तो फिर सामने वाले को खुश रखने के लिए हा मे हा मिलाना स्वयं को तकलीफ देता है। उसने उसे पुनः जयपुर आने के लिए आमंत्रित किया हैं, थोङी ना-नुकर के बाद वह सहर्ष तैयार हो गया क्योकि रीट का इन्तजार करते करते वह टूट चुका था, उसके सोचने समझने के क्षमता क्षीण हो गई थी।हीरा से उसकी न भूलने वाली मुलाकात इसी रीट की वजह से इमली फाटक पर हुओ थी आखिर भूला भी कैसे जाए जनाब जो वक्त पर काम आया हो।

गाँव के स्टेशन मे बस मे चढने के बाद उसे अपना फोन निकाला एवं स्टेटस डाला...Journey to Jaisalmer from Jaipur, फिर यह सोचकर कि घर से निकले अभी तो आधा घंटा हुआ है उसे लंबी दूरी तय करनी है,फोन अंदर डाल दिया।

जोधपुर रेलवे स्टेशन पर टिकट लेने के पश्चात वह एक नंबर प्लेटफार्म पर बैठा था तभी एलाउन्स हुआ...बाङमेर से चलकर दिल्ली को जानी वाली मालानी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से एक घंटे दस मिनट देरी से चल रही है आपको हुई असुविधा के लिए हमे खेद हैं। उसे लगा भारतीय न्यायपालिका और रेल विलम्ब के लिए मशहूर हैं। और अब तो निर्वाचन विभाग भी...!

जयपुर पहुँचते ही हीरा उसके इन्तजार मे ही खङा था, मिलते ही भावनाओ का समंदर इस कदर उफना कि शरीर और आवाज दोनो एक साथ काफने लगे। दोनो के आँखो से गंगा जमना बह निकली। एक-दूसरे का हाथ थामा ,कुछ कहने सुनने की जरूरत ही ना समझी क्योकि दोनो जानते थे कि कहने सुनने को कुछ था ही नही और था तो उसे बयां नही किया जा सकता था। दिल मे सुकून और दिमाग मे तसल्ली थी,जिन्दगी अकेले नही कटती कट भी जाती है तो भयानक होती है,तभी तो यारो की जरूरत होती है उसने एक पल ऐसा महसूस किया।

एक वर्ष बाद अपने आप को उस शहर मे देखकर उसके चेहरे की रवानिया बदलने लगी। पिंक सिटी मे सूर्य निकल चुका था, इमली फाटक के दो प्रवासी परिंदे अधूरे ख़्वाबों को पूर्ण करने के लिए आज पुनः उसकी ओर लोट चुके थे......अपने डायरी के उस आखिरी पन्ने पर अमीर का शेर लिखते हुए मन को शांत करने का प्रयास किया..
ख़ंजर चले किसी पे तड़पते हैं हम 'अमीर'
सारे जहाँ का दर्द हमारे जिगर में है
@REET

✍🏻 *किशन राठौङ "वरिया"

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें